Monday, 23 December 2024

किताबें - संजय वर्मा "दृष्टि "


 

                                                किताबें 
शब्दों से 
हमसे कुछ ज्ञान पाते रहो
हमें भी अपने घरों में फूलों की तरह 
बस यूँ ही तुम सजाते रहो। 

किताबें बूढी कभी न हो
इश्क की तरह 
ये ख्यालात दुनिया को दिखाते रहो 
कुछ फूल रखे थे 
किताबों में यादों के 
सूखे हुए फूलों से भी महक 
ख्यालो में तुम पाते रहो। 

आँखें हो चली बूढी फिर भी 
मन तो कहता 
पढ़ते रहो 
दिल आज भी जवाँ
किताबों की तरह
पढ़कर दिल को सुकून दिलाते रहो। 

बन जाते किताबों से रिश्ते 
मुलाकातों को तुम ना गिनाया करो
मांग कर ली जाने वाली किताबों को 
पढ़कर तुम लौटाते रहो। 

संजय वर्मा "दृष्टि "
125,शहीद भगतसिंग मार्ग 
मनावर जिला  -धार (म प्र )

परंपरा - डॉ० उषा पाण्डेय 'शुभांगी'


परंपरा


परंपरा वर्षो से चली आ रही  रीति है, प्रथा है, परिपाटी है।
हमारी परंपरा की साक्षी, हमारी देश की पावन माटी है।
हमारी परंपराएँ, हमारी पहचान हैं। 
हमारी परंपराएँ, हम भारतीयों  की शान हैं।
जिसने  अपनी संस्कृति को मान दिया, अपनी परंपराएंँ आगे बढ़ाई।  
वही जग में सफल हुआ, उसने ही इज्जत पाई।
सफलता उसके कदम चूमती, जिसने रीति-रिवाजों का पालन किया।
आगे बड़ा वही जग में, जिसने परंपराओं का निर्वाह किया।
माता-पिता के, गुरु के और अपने से बड़ों के चरण छूने की है हमारी परंपरा।
यह परंपरा जिसने निभाई,  खुशियों से रहता था वह भरा।
हमारी परंपरा है, यात्रा पर जाने से पहले खाते हैं हम दही शक्कर।
काम हमारे पूरे हो जाते, हंसते हुए हम लौटते हैं घर।
हमारी परंपरा है, हम पेड़ पौधों की पूजा करते हैं।
पेड़ पौधे ही तो हमें ऑक्सीजन देते,  पर्यावरण की रक्षा करते हैं।
सुहागिन स्त्रियाँ पैरों में बिछिया पहनती हैं।
रक्त संचार सही रहता, सकारात्मक ऊर्जा से भरी रहती हैं।
मंदिर में प्रवेश से पहले, 
हम घंटी बजाते हैं।
वातावरण शुद्ध हो जाता, भक्ति भाव मन में आते हैं।
भारतीय परंपराएँ अद्वितीय हैं, सराहनीय हैं।
हमारी परंपराओं की विशेषताएं और खासियत, अवर्णनीय हैं।
कुछ परंपराएं हमारी लुप्त होती जा रही, उन्हें हमें जीवित रखना होगा।
आने वाली पीढ़ी को,
अपनी परंपराओं का महत्व समझना होगा।
हमारी परंपराएं हमें, हमारी संस्कृति से जोड़ती हैं। नकारात्मक ऊर्जा को हम पर, हावी होने से रोकती हैं।
हमारी परंपराएँ  हमें, गलत राह पर जाने से रोकती हैं।
हमारे परंपराएं ही हमें, खुशियों भरी जिंदगी प्रदान करती हैं।

डॉ० उषा पाण्डेय 'शुभांगी'

संविधान - गोरक्ष जाधव

 संविधान


संविधान निधान है राष्ट्र का
संविधान विधान है राष्ट्र का,
हर भारतीय का सन्मान है
संविधान प्रधान दंड है राष्ट्र का।

संविधान मंत्र है गणतंत्र का,
संविधान तंत्र है जनतंत्र  का,
देशभक्ति का अमूल्य प्रतीक है,
संविधान अभिमंत्र है प्रजातंत्र का।

संविधान चित्र है धर्मनिपेक्ष गणराज्य का,
संविधान सूत्र है देश के सुराज्य का,
हर हिंदुस्तानी का अभिमान है ये,
संविधान मित्र है हर हिंदुस्तानी का।

संविधान आधार है अनुशासन का,
संविधान व्यवहार है सुशासन का,
समता, बंधुता की राह आसान करे,
संविधान गुरुमंत्र है बाबासाहब का।

जय हिंद

गोरक्ष जाधव©®
मंगळवेढा, महाराष्ट्र.